नोएडा की सेक्टर 58 कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। इसमें तीन बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। बदमाशों के एक साथी ने फरार होने की कोशिश की लेकिन कुछ देर बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त ने यह अभियान करने वाली टीम को 15,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में तीन बदमाश गोलू पुत्र अशोक निवासी कल्याणपुरी नई दिल्ली, जगत पुत्र तिरपाल सिंह कल्याणपुरी नई दिल्ली और मनीष पुत्र विनोद निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इनका एक साथी मुठभेड के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था जिसे कांबिंग के दौरान कुछ दूरी पर गिरफ्तार कर लिया गया। उसका नाम रईस पुत्र मुंशी निवासी सीसी गार्डन जवाहर नगर नई दिल्ली है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से 315 बोर के तीन तमंचे, तीन कारतूस व तीन खोखे तथा एक बिना नम्बर प्लेट की बाइक, एक ऑटो रिक्शा बिना नम्बर प्लेट एवं एक अवैध चाकू व सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस गैंग पर चोरी लूट/छिनेती आदि गंभीर प्रवृत्ति के अपराधों में करीब 60 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि गोलू के विरुद्ध लूट एवं छिनैती, हत्या के करीब 45 मुकदमे दिल्ली एवं एनसीआर क्षेत्र में पंजीकृत है तथा पूर्व में हत्या के मामले में जेल भी जा चुका है। इनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। घायल तीनों बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। अन्य आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।