मंगलवार को नोएडा का एक्यूआई 373 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 364 किया गया दर्ज
10 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही उत्तर पश्चिमी हवाएं नहीं दे रहीं प्रदूषण से राहत
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडावासियों के लिए प्रदूषण का कहर कम नहीं हो रहा है। 24 घंटे में नोएडा के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में गिरावट होने के बाद भी मंगलवार को नोएडा देश का दूसरा और ग्रेटर नोएडा देश का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। मंगलवार को नोएडा का एक्यूआई 373 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 364 दर्ज किया गया। जबकि सोमवार को नोएडा का एक्यूआई 397 और ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 382 रहा था।
एक तरफ सर्दी की रफ्तार बढ़ रही है और दूसरी तरफ प्रदूषण में कमी नहीं आ रही है। इसकी बड़ी वजह यह है कि दिल्ली एनसीआर में इस समय उत्तर-पश्चिम हवाएं 10 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। यह हवाएं वातावरण से प्रदूषण की धुंध साफ करने में नाकाफी हैं लेकिन इन हवाओं के प्रभाव से सर्दी बढ़ती जा रही है।
मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना नहीं बन रही है ऐसे में बारिश के साथ मौसम बदलाव के आसार भी नहीं हैं। हालांकि रात के समय हवाओं की रफ्तार हल्की तेज हो सकती है लेकिन इससे प्रदूषण से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
दो लाख 80 हजार का जुर्माना
लोग प्रदूषण नियंत्रण के लिए बनाए गए नियमों का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे। शहर में निर्माण कार्य भी हो रहे हैं और निर्माण सामग्री खुले में रखी रहती है। इसके अलावा जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगे रहते हैं। ऐसे में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से मंगलवार को दो लाख 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
प्लॉट नंबर - जुर्माना
-प्लॉट नंबर जे-33, सेक्टर 63 - 50,000
-बी-24, सेक्टर 53 - 30,000
-सेक्टर 135 मेन रोड - 50,000
-प्लॉट नंबर ए-18 सेक्टर 135 - 50,000
-प्लॉट नंबर ए-12 सेक्टर 135 - 50,000
-निकट डी ब्लॉक, सेक्टर 63 पुलिया कंस्ट्रक्शन वर्क - 50,000
-कुल - 2,80,000 रुपये