नोएडा को एसटीपी के शोधित पानी के उपयोग पर मिला अवार्ड
नोएडा। भारत सरकार व यूनेस्को से समर्थित वर्ल्ड वाटर अवार्ड 2025-2026 में भी नोएडा को अवार्ड मिला है। यह अवार्ड सोमवार को म्युनिसिपल वाटर रियूज इनिशिएटिव श्रेणी में मिला है। दिल्ली के एक होटल में आयोजित सम्मान समारोह में यह अवार्ड प्राधिकरण की तरफ से एसीईओ सतीश पाल और जीएम जल आरपी सिंह ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की मौजूदगी में प्राप्त किया।
शहर में 8 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) हैं, जिनकी क्षमता 411 एमएलडी है। इन एसटीपी से 260 एमएलडी ट्रीटेड पानी के फिर से उपयोग पर नोएडा प्राधिकरण पूरा जोर दे रहा है। निर्माण से लेकर कार वाशिंग सेंटर, पार्कों की सिंचाई व अन्य जगहों पर इसका उपयोग हो रहा है। इसके साथ ही पार्क और ग्रीन बेल्ट की सिंचाई के लिए पाइप लाइन भी बिछाई जा रही है। कई सेक्टरों में एसटीपी से यह पाइप लाइन बिछ गई है, जिससे सिंचाई में भू-गर्भ जल का उपयोग नहीं हो रहा है। ब्यूरो