- मेजबानी के मामले में अव्वल बनता जा रहा इंडोर स्टेडियम, पिछले साल से आंकड़ों में हुई बढ़ोतरी
ऋषभ कौशल
नोएडा। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी के लिए सेक्टर 21ए नोएडा इंडोर स्टेडियम पसंदीदा स्टेडियम बनता जा रहा है। पिछले तीन सालों में कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप के आयोजन इंडोर स्टेडियम में हुए हैं। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को भी बेहतर अनुभव और मौके मिल पा रहे हैं।
खेल प्रभारी अमित सिंह के अनुसार साल 2023-24 में आठ राष्ट्रीयस्तर की चैंपियनशिप स्टेडियम में हुईं। इसके अलावा चार अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप आयोजित की गईं। इसी तरह साल 2024-25 में कुल नौ राष्ट्रीयस्तर की चैंपियनशिप तो वहीं पांच अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप की मेजबानी का मौका स्टेडियम को मिला। इन वित्तीय वर्षों के अलावा 2025-26 में अभी तक दो राष्ट्रीय और अगस्त में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित होने वाली हैं। उन्होंने बताया इनमें से कई ऐसी चैंपियनशिप रहीं, जिन्होंने एक बार इंडोर स्टेडियम में आयोजन कराने के बाद बार-बार इसी स्थान को मेजबानी के लिए चुना। इनमें से अंतरराष्ट्रीय स्तर की एशियन हैंडबॉल चैंपियनशिप, प्रो कबड्डी लीग दो बार, एमएफएन मैट्रिक फाइन नाइट चार बार, वर्ल्ड रोबोटिक चैंपियनशिप तीन बार हो चुकी हैं। इसके अलावा राष्ट्रीयस्तर की चैंपियनशिप में ई स्पोर्ट्स चैंपियनशिप तीन बार, डीएवी नेशनल चैंपियनशिप समेत अन्य स्पर्धाओं के नाम शामिल हैं।
4000 लोगों के बैठने की है व्यवस्था
नोएडा इंडोर स्टेडियम प्रबंधन के अनुसार करीब दो एकड़ में फैले इस स्टेडियम में करीब 4 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। इसके अलावा बेहतर परिवेश, सुविधाजनक, बेहतर स्टाफ और इंटीग्रेटेड एसी हॉल की व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा यहां सभी प्रकार के खेलों के आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध हैं।
स्थानीय खिलाड़ियों के लिए सुविधाएं बढ़ीं
प्रबंधन के अनुसार अकेले नोएडा शहर में जिस तरह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों के आयोजन में बढ़ोतरी हो रही है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर माहौल और सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। शहर के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप ही उपकरण उपलब्ध हो रहे हैं। उन्हें बेहतर प्रशिक्षण का अवसर के लिए बाहर नहीं जाना पड़ रहा है।
साल राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय कुल
2023-24 8 4 12
2024-25 9 5 14
2025-26 2 1 (वर्तमान में जारी)