नोएडा में बीच सड़क पर एक इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगने से हड़कंप मच गया । देखते ही देखते स्कूटर धू-धू कर जलने लगा । ये स्कूटर घरों पर सामान पहुंचाने वाले एक डिलीवरी ब्वॉय का था । डिलीवरी ब्वॉय ने स्कूटर से कूदकर अपनी जान बचाई । नोएडा में कोतवाली सेक्टर-113 क्षेत्र में सेक्टर-78 के मुख्य मार्ग पर समान की डिलीवरी करने जा रहे बिग बास्केट के डिलीवरी ब्वॉय के इलेक्ट्रिक स्कूटर में अचानक आग लग गई । चलते स्कूटर से कूदकर डिलीवरी ब्वॉय ने अपनी जान बचाई ।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने इलेक्ट्रिक स्कूटर की आग पर काबू किया । लेकिन तब तक स्कूटी जलकर खाक हो चुकी थी । सेक्टर-78 में सिविटेक स्टेडिया के सामने मुख्य मार्ग पर जल रहा इलेक्ट्रिक स्कूटर बिग बास्केट के डिलीवरी ब्वॉय चंद्र प्रकाश का था । कोतवाली सेक्टर-113 के प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि चंद्र प्रकाश के मुताबिक सेक्टर-80 स्थित बिग बास्केट स्टोर से सिविक स्टेडिया सोसाइटी में सामान के ऑर्डर की डिलीवरी करने के लिए जा रहे थे । जब वे उनके स्कूटर से सिविटेक स्टेडिया के सामने पहुंचे, अचानक उसमें आग लग गई।