सेक्टर-18 में 65 हजार और 38ए में बने कियोस्क के महीने का किराया होगा 56 हजार
कियोस्क का आवंटन अलग-अलग न कर एजेंसी का चयन कर एक साथ देगा प्राधिकरण
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्राधिकरण मंगलवार को सेक्टर-18 और सेक्टर-38ए में बने कियोस्क की स्कीम लांच कर सकता है। दोनों परियोजनाओं की रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) को सोमवार को मंजूरी मिल गई। इसके साथ ही जारी करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ गई है लेकिन ये कियोस्क प्राधिकरण अलग-अलग दुकानदारों व व्यापारियों को न देकर एजेंसी को आवंटित करेगा। ई-नीलामी में आने वाली एजेंसियों को रिजर्व प्राइज के ऊपर बोली लगानी होगी। सेक्टर-18 के 15 और सेक्टर-38ए के 19 कियोस्क के लिए अलग-अलग टेंडर प्रक्रिया होगी।
स्ट्रीट मार्केट की तर्ज पर विकसित की गई इन दोनों जगहों को प्राधिकरण 10 साल के लिए किराये पर देगा। इसमें मूलरूप से 7 साल के लिए कियोस्क दिया जाएगा लेकिन संचालन सही रहने पर 3 साल बढ़ा दिए जाएंगे। आरएफपी को मंजूरी मिलने के साथ जीआईपी से बोटेनिकल गार्डेन मेट्रो स्टेशन के बीच बने सेक्टर-38ए और सेक्टर-18 की मार्केट में बने यह कियोस्क के किराए की तस्वीर भी तकरीबन साफ हो गई है। प्राधिकरण ने सेक्टर-38ए के मुख्य रोड पर बने 19 कियोस्क का सालाना किराया 1.28 करोड़ रुपये रखा है। इस हिसाब से एक कियोस्क का एक महीने का किराया 56,252 रुपये से ज्यादा तय किया गया है।
इसी तरह सेक्टर-18 के 15 कियोस्क के लिए सालाना किराया 1.17 करोड़ रुपये तय किया गया है। इसके हिसाब से एक कियोस्क का महीने का किराया 65,333 रुपये के ऊपर रहना तय है। चुनी जाने वाली एजेंसी को सालाना किराये के तीन महीने के बराबर सिक्योरिटी धनराशि देनी होगी। वहीं, प्रत्येक वर्ष का किराया अग्रिम जमा करना होगा। प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत के करीब किराया भी बढ़ेगा। नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी महेंद्र प्रसाद ने बताया कि आरएफपी तैयार कर मंजूरी दे दी गई है। मंगलवार को दोनों ही जगह की योजना को लांच करने के निर्देश दिए गए हैं। आवेदन करने वाली एजेंसियों के अनुभव व वित्तीय स्थिति को भी देखा जाएगा।