ग्रेटर नोएडा के एलजी चौक से सेक्टर-146 तक प्रस्तावित रोड और हिंडन पुल से जोड़ने के लिए नोएडा में 43 करोड़ की लागत से अप्रोच रोड बनेगा। प्राधिकरण ने सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इसका काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इसकी लंबाई 850 मीटर और चौड़ाई 45 मीटर होगी। वहीं दोनों तरफ 7.5 मीटर चौड़ा ग्रीन बेल्ट भी होगा।
इससे पहले यहां मुआवजे के बाबत विवाद गहरा गया था। प्राधिकरण इस जमीन को डूब क्षेत्र का बता रहा था। प्राधिकरण 3500 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से मुआवजा देना चाह रहा था, जबकि किसान सेक्टर दर पर मुआवजे के लिए अड़े हुए थे। आखिर में नोएडा प्राधिकरण ने इस मसले को बोर्ड के सामने रखा और बोर्ड की ओर से नई दरों पर जमीन लेने की मंजूरी दे दी। यहां सेक्टर दर 5326 रुपये प्रति वर्गमीटर का है।
जमीन विवाद नहीं सुलझने की वजह से बीते 2019 से यहां का काम बंद था। अप्रोच रोड से नोएडा को जोड़ने में आसानी होगी। हालांकि अब मामला सुलझ गया है और सड़क निर्माण की कवायद भी शुरू हो गई है। टेंडर खुलने के बाद एजेंसी चयन होगा। फिर यहां का काम शुरू हो जाएगा।
अधिकारियों का दावा है कि किसान यहां पर जमीन देने को तैयार हो गए हैं। करीब चार हेक्टेयर जमीन प्राधिकरण ले रहा है। इसमें प्राधिकरण को करीब 25 किसानों से वार्ता करनी पड़ी। किसानों ने मौके पर काम करने की सहमति दे दी है इसलिए काम शुरू कराया जाएगा।