नोएडा में सेक्टर-70 स्थित पैन ओएसिस सोसाइटी की आठवीं मंजिल से संदिग्ध हालात में गिरकर 91 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार शाम को हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि बुजुर्ग कई प्रकार की बीमारियों से ग्रस्त थे।
सोसाइटी की आठवीं मंजिल के फ्लैट में मूलरूप से पश्चिम बंगाल निवासी कृष्णपद्म घोष परिवार के साथ रहते थे। रविवार को वह फ्लैट के सामने टहल रहे थे। इसी दौरान वह नीचे गिर गए। सोसाइटी के सुरक्षा गार्डों व आसपास के लोगों ने इसकी सूचना उनके परिजनों को दी।
परिजन उन्हें अस्पताल ले गए। जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। सोसाइटी से मिली सूचना के बाद मौके पर कोतवाली फेज थ्री पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि बुजुर्ग डायबीटिज समेत अन्य बीमारियों से ग्रस्त थे। कई बार उन्हें चलते- चलते अचानक चक्कर भी आते थे।