- लखनऊ से आकर लैंड करेगी पहली उड़ान, बंगलुरू जाने के लिए करेगी टेक ऑफ
- खास मेहमान भी नोएडा एयरपोर्ट पर लखनऊ से पहले दिन आ रहे
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। कल यानी 15 जून 2026 की तारीख नोएडा एयरपोर्ट के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगी। सुबह 8:05 बजे यात्रियों को लखनऊ से लेकर पहली फ्लाइट जेवर में नोएडा एयरपोर्ट की जमीन पर लैंड करेगी। इस मौके को खास बनाने के लिए खुद एयरपोर्ट प्रबंधन ने भी खास तैयारियां की हैं। आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि इस फ्लाइट में जहां केंद्र व यूपी सरकार के प्रमुख मंत्री व अधिकारी यात्रा कर सकते हैं। वहीं गौतमबुद्ध नगर के कुछ कारोबारी और उद्यमी भी इस दिन के साक्षी बनेंगे।
एयरपोर्ट प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक लखनऊ से 7:05 बजे लांच करियर इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट यात्रियों को लेकर टेक ऑफ करेगी। करीब एक घंटे की यात्रा के बाद नोएडा एयरपोर्ट जिसका आईएटीए कोड डीएक्सएन है, पर लैंड करेगी। एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि अभी इंडिगो पहले दिन अपनी फ्लाइट का संचालन करेगी। अगले दिन से अकासा की फ्लाइट शुरू होंगी। 15 जून को जहां लखनऊ और बंगलूरू की फ्लाइट हैं। वहीं 16 जून से हैदराबाद, जम्मू, अमृतसर जुड़ जाएंगे। एक जुलाई से उड़ानें नियमित होनी हैं। इसके बाद बरेली, नवी मुंबई, श्रीनगर, जयपुर, जोधपुर, धर्मशाला, भोपाल, चंडीगढ़, किशनगढ़, देहरादून के लिए भी फ्लाइट शुरू होनी हैं।
यह भी संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू व अन्य मंत्री भी लखनऊ से नोएडा के बीच यात्रा करें। इस दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री एक बैठक भी नोएडा एयरपोर्ट के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की योजना पर कर सकते हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन इसी साल के अंत तक अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी एयरपोर्ट से शुरू हो जाएं। इसके लिए सितंबर में शिड्यूल भी जारी किया जा सकता है। जुलाई में करीब 17 शहरों के लिए यात्री घरेेलू उड़ान और कार्गो सेवा शुरू होने के बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करना ही अगला पड़ाव है।
बेबी फूड ले जाने की होगी अनुमति
फ्लाइट से यात्रा के नोएडा एयरपोर्ट पर बेबी फूड ले जाने की अनुमति होगी। नियम यह है कि आप अपने हैंड बैगेज में दूध, फॉर्मूला मिल्क या अन्य शिशु आहार सीमित मात्रा में जैसे प्रत्येक 100 मिलीलीटर तक ले जा सकते हैं। सुरक्षा जांच के समय इन वस्तुओं की अलग से सूचना देनी होगी। बेबी फूड की कमी होने पर हवाई अड्डे पर मौजूद मेडिकल स्टोर से शिशु आहार ले सकेंगे।
पिक एंड ड्रॉप एरिया में पांच मिनट रुक पाएंगी गाड़ियां
यात्रियों को सीधे टर्मिनल पर पिक-अप और ड्रॉप-ऑफ करने के लिए खास लेन बनाई गई हैं। यात्रियों को पिक-अप के लिए आईं गाड़ियां 'अराइवल लेन' में और ड्रॉप-ऑफ के लिए 'डिपार्चर लेन' में रुक पाएंगी। यदि आपको 5 मिनट से अधिक रुकना है, पास की पार्किंग का उपयोग करना होगा। ऐसा नहीं करने पर फाइन भी एयरपोर्ट प्रबंधन कर सकता है।
खुद की गाड़ी तो दो घंटे का पार्किंग शुल्क 150 रुपये
निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए पार्किंग शुल्क देकर गाड़िया खड़ी करने की व्यवस्था एयरपोर्ट पर रहेगी। इसके लिए निजी वाहनों को पहले 120 मिनट के लिए 150 रुपये और अतिरिक्त प्रति घंटा के लिए 100 रुपये चार्ज देना होगा। पूरे दिन के लिए 600 रुपये चार्ज एयरपोर्ट करेगा। इसी तरह कॉमर्शियल वाहनों के लिए 120 मिनट के लिए 200 शुल्क होगा। पूरे दिन के लिए 700 रुपये देने होंगे। दैनिक पार्किंग 24 घंटों के लिए मान्य रहेगी।
इन सामान को लेकर एयरपोर्ट न जाएं
- नुकीली वस्तुएं जैसे कैंची, चाकू, ब्लेड
- लाइटर, माचिस या ज्वलनशील तरल पदार्थ
- बंदूक या उनकी रेप्लिका) जैसे बच्चों के खिलौने वाले हथियार
- विस्फोटक या गोला-बारूद
- बिजली के उपकरण और पावर टूल्स
- जहरीले या गला देने वाले रसायन
इनको हैंड बैग में ले जा सकते- पावर बैंक या अतिरिक्त लिथियम बैटरियां
- ई-सिगरेट या वेपिंग उपकरण
- कीमती इलेक्ट्रॉनिक्स या नाज़ुक उपकरण
- जीवित पशु- पूर्व अनुमति के बाद
- तरल पदार्थ और जैल
- लैपटॉप और टैबलेट जैसे उपकरण
नोट- हैंड बैगेज में केवल 100 मिलीलीटर या उससे कम के कंटेनरों की अनुमति है। सभी सामान एक ही सीलबंद प्लास्टिक बैग में फिट होने चाहिए। लैपटॉप और टैबलेट जैसे उपकरणों की अलग से जांच करने की आवश्यकता हो सकती है।
इसका रखें विशेष ध्यान
- सुरक्षा जांच के समय अपना बोर्डिंग पास और पहचान-पत्र तैयार रखें- बेल्ट, जैकेट और धातु के सामान उतार कर ट्रे में रख दें
- इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य सहायक उपकरण को दिए गए ट्रे में रखें
- जांच शुरू होने से पहले ट्रे और हैंड बैैग से प्रतिबंधित वस्तुओं को हटा दें