बाइक बोट कंपनी की तर्ज पर पाेंजी स्कीम लांच कर बाइक फॉर यू नाम की कंपनी ने देशभर के करीब 6500 लोगों से ठगी कर ली। सेक्टर-63 में चल रही बाइक फॉर यू कंपनी के संचालकों ने प्रति व्यक्ति से 60,250 हजार रुपये लिए। बदले में एक साल तक हर माह नौ हजार रुपये देने का झांसा दिया और करीब 40 करोड़ रुपये ऐंठकर फरार हो गई। बुधवार को सौ से अधिक लोग कोतवाली फेज थ्री पहुंचे और हंगामा किया।
कोतवाली फेज थ्री पुलिस के अनुसार, अगस्त 2018 में सेक्टर-63 के जी ब्लॉक में एक बिल्डिंग के भूतल पर कंपनी का कार्यालय था। इस कंपनी ने अपना एक ऑनलाइन विज्ञापन जारी कर लोगों को बताया कि ओला-उबर की तर्ज पर बाइक का संचालन एनसीआर में करेंगे। कोई भी व्यक्ति इसमें बाइक किराए पर लगवाने के लिए पैसे जमा कर सकता है। कंपनी खुद बाइक खरीदेगी और उसे कैब के तौर पर चलवाएगी। प्रत्येक व्यक्ति को 60,250 रुपये निवेश करने होंगे। कंपनी निवेशक को एक साल तक प्रत्येक माह 9 हजार रुपये देगी।
इसके बाद देशभर के करीब 6500 लोगों ने इस कंपनी में निवेश कर दिया। निवेशकों के खाते में कुछ महीने तक तो पैसे दिए गए, लेकिन मार्च से पैसे नहीं मिले। कंपनी की तरफ से बार-बार पैसे देने का आश्वासन दिया गया। जब अप्रैल में भी पैसे नहीं आए तो निवेशकों को अपने साथ ठगी होने का संदेह हुआ। इसके बाद निवेशक कंपनी कार्यालय पहुंचने लगे।