एटा। कासौन केंद्र पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने लाभार्थियों की ई-केवाईसी और चेहरा प्रमाणीकरण का काम नहीं किया। नोटिस जारी किया गया तो जवाब भी नहीं दिया। इस लापरवाही में कार्यकर्ता की सेवा समाप्त कर दी गई है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि शीतलपुर ब्लॉक क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र कासौन पर तैनात कार्यकर्ता मिथलेश को पूर्व में सीडीपीओ के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाया गया।
केंद्र से संबंधित लाभार्थियों की ई-केवाईसी और चेहरा प्रमाणीकरण का कार्य भी पूरा नहीं किया गया।
इस पर उन्हें नोटिस जारी किए गए लेकिन उन्होंने किसी नोटिस का जवाब नहीं दिया और न ही उनकी कार्यशैली में ही सुधार आया।
नोटिस जारी कर 13 अक्तूबर को उन्हें सुनवाई का मौका दिया गया लेकिन वह उपस्थित नहीं हुईं। इसके बाद सुनवाई के लिए 27 अक्तूबर को अंतिम मौका दिया गया।
इसमें वह उपस्थित तो हुईं लेकिन अपने पक्ष में उन्होंने कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया। इस पर उन्हें दायित्वों का निर्वहन ठीक से न करने, अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने, केंद्र संचालित न करने का दोषी मानते हुए डीएम के अनुमोदन पर उनकी सेवा समाप्त कर दी गई है।