ट्रांसफार्मर की आज तक नहीं मिली सुविधा, दो साल से आ रहा बिल
नूंह। नूंह खंड के गांव पलड़ी नर्सरी के पास बसे दर्जनों परिवारों को बिजली निगम द्वारा दो साल से बिजली का बिल थमाया जा रहा है। लेकिन अभी तक ग्रामीणों को ट्रांसफार्मर की सुविधा नहीं दी गई है। जिससे ग्रामीण लंबे समय से बिजली का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। ग्रामीण लुकमान, अब्बास, मुबारिक, अलीशेर, हसन, शहीद, युसुफ, ताहिर, सलीम और कासम ने बताया कि बिजली निगम द्वारा गांव में लगाए गए एक खुले दरबार के दौरान उन्हें बिजली के मीटर उपलब्ध कराए गए थे।
इस दौरान दर्जनों लोगों ने मीटर लिए, लेकिन दो साल बीतने के बाद आज तक भी उन्हें ट्रांसफार्मर की सुविधा नहीं दी गई है। वहीं हर माह निगम द्वारा उनके घरों पर बिल भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि अपनी इस मांग को लेकर वे कई बार संबंधित विभाग के पास गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग इस समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है। वहीं इस बारे में बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता केएस चौहान ने बताया कि इस समस्या के बारे में जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।