डबल डेकर एसी बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे के सेक्टर-96 के पास हादसा, फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने काबू पाया
लोग नहीं पहुंच सके अपने घर, दूसरी बस नहीं मिलने पर नोएडा स्थित घरों को लौटे
आग लगने से एक्सप्रेसवे पर लगा भीषण जाम, दो घंटे बाद स्थित हो सकी सामान्य
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-37 से सिवान (बिहार) जा रही डबल डेकर एसी बस में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। हादसे के वक्त बस में करीब 60 यात्री थे। यात्रियाें के बस के शीशे तोड़े और कूदकर जान बचाई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। सभी यात्री छठ पूजा मनाने जा रहे थे।
नोएडा से बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे 60 सवारियां को लेकर बस सिवान के लिए रवाना हुई। करीब 15 मिनट में बस नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे के सेक्टर-96 के पास पहुंची, तभी चालक की ओर केबिन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में बस में धुंआ भर गया और सवारियों का दम घुटने लगा।अफरातफरी में कई सवारियां बस के गेट पर फंस गईं। जान बचाने के लिए कई यात्री बस के शीशे तोड़कर बाहर आए।
सभी के सुरक्षित निकलने के कुछ देर बाद ही आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया, हालांकि लोगों को सामान निकालने का वक्त नहीं मिला। मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। लोग बिहार जाने के लिए दूसरी बस का इंतजार करते रहे, इंतजाम नहीं होने पर लौट आए। वहीं, हादसे की वजह से एक्सप्रेसवे पर जाम लग गया। इस दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे बाद यातायात सामान्य हुआ।
-
दूसरी बस मिली न दिया हुआ किराया
यात्रियों को न तो दूसरी बस की व्यवस्था कराई गई और न ही किराया वापस किया गया। मुसाफिरों ने बताया कि आगजनी में यात्रियों के कीमती सामान के साथ महिलाओं के गहने भी जल गए। आग बुझने पर लोग अपना सामान खोजते नजर आए। सामान जलने से लोगों के आंखों में आंसू थे।
-
यात्रियों ने बयां किया अपना दर्द
यात्रियों ने बताया कि घर जाने के लिए 2000-2500 रुपये किराया दिया था, लेकिन वह उन्हें वापस नहीं मिला। ट्रांसपोर्टर ने भी सवारियों को घर पहुंचाने के लिए दूसरी बस का भी इंतजाम नहीं किया। लोग अपने परिवार और आग से बचे सामान के साथ घंटों तक सड़क किनारे बैठे रहे। दूसरी बस का इंतजाम नहीं होने पर लोग नोएडा अपने घरों पर लौट आए।
-
सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को रवाना किया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बचाया गया। - रजनीश वर्मा, एसीपी-प्रथम
दोपहर 3.27 बजे बस में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद मौके पर तीन गाड़ियों को भेजा गया। 15 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। एसी या मोबाइल चार्ज बोर्ड में शॉर्ट सर्किट की आशंका है। प्रदीप कुमार चौबे, सीएफओ