माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट स्थित ऐस सिटी सोसाइटी में सीए की पत्नी और उनके बेटे द्वारा 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या किए जाने के मामले में बिसरख कोतवाली पुलिस को अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। वहीं परिजन ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव को उत्तराखंड ले जाकर रविवार को अंतिम संस्कार कर दिया।
बता दें कि शनिवार की सुबह सीए दर्पण चावला की पत्नी साक्षी चावला ने 11 साल के नाबालिग बेटे दक्ष चावला के साथ 13वीं मंजिल की बालकनी से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने फ्लैट के अंदर एक डायरी से सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें आत्महत्या करने के लिए स्वयं को जिम्मेदार ठहराते हुए महिला ने इकलौते बेटे की बीमारी की परेशानी का जिक्र किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि सीए का पुत्र मानसिक मंदित था। इसको लेकर उनकी पत्नी पिछले कुछ दिनों से अवसाद में थी। कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ऊंचाई से गिरकर सिर में चोट लगने से मृत्यु की बात सामने आई है।