माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। इनेलो जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी के भाई जयदीप राठी के फार्म हाउस में बदमाश घुसने और मारपीट व लूटपाट के मामले में दूसरे दिन भी थाना सदर की पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। पुलिस मामले को कब्जे से जोड़कर देख रही है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायतकर्ता से फार्म हाउस के दस्तावेज और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मांगी गई थी। डीवीआर को जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। वहीं, अभी तक शिकायतकर्ता ने दस्तावेज नहीं दिए हैं। उधर, जयदीप राठी का कहना है कि उन्होंने शुक्रवार शाम को ही सभी दस्तावेज सौंप दिए थे। लेकिन कार्रवाई नहीं कर रही है।
गांजबड़ गांव के जयदीप राठी ने बताया कि वीरवार रात को उनके जीटी रोड स्थित 2600 वर्ग गज के फार्म हाउस में कुछ बदमाश घुस गए थे। उन्होंने फार्म में मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता की थी। उनके नौकर से 30 हजार रुपये और महिलाओं से कानों की बाली लूट ली थी। एक आरोपी घायल हो गया था, जिसे पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला फार्म हाउस पर कब्जे का लगा। जिसके बाद जांच शुरू कर दी थी। थाना सदर प्रभारी बलजीत सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध है। डीवीआर की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
अभी प्रकरण की जांच चल रही है। शिकायतकर्ता से फार्म हाउस के दस्तावेज मांगे गए हैं। डीवीआर को जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-राजबीर सिंह, डीएसपी पानीपत