-डीएम ने लिया तैयारियों का लिया जायजा, कहा, व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने आगामी 29 जून रविवार को 15 केंद्रों पर होने वाली सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-3 मुख्य परीक्षा-2025 को जनपद में सकुशल शांतिपूर्ण कराने के उद्देश्य को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा केंद्र व्यवस्थापक के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि परीक्षा की व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने कहा कि किसी भी परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों का बहुत ही अहम योगदान होता है। प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी मानकों के अनुरूप तैयारियों को अंतिम रूप प्रदान करेंगे। अभ्यर्थियों के लिए पीने योग्य शीतल जल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए परीक्षा केंद्र के एंट्री गेट पर एंट्री कराते समय इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर विशेष फोकस रखा जाए। कोई भी अभ्यर्थी अपने साथ मोबाइल फोन, टैबलेट, पेनड्राइव, हार्ड डिस्क, डाटा कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, एयरफोन, कलाई घड़ी, एटीएम कार्ड, कोई विद्युत सामग्री या तार, कोई भी सामग्री जो धातु से बनी हो, कान में लगी किसी भी तरह की मशीन, ग्राफ शीट, मानचित्र, स्लाइड रूल्स व किसी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि को लेकर परीक्षा केंद्र में अंदर न लेकर जाएं। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी न्यायिक जेवर विवेक भदोरिया, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार मौजूद रहे।