नूंह। सीएस स्टाफ ने नगीना खंड के गांव साठावाड़ी में तस्करों के चंगुल से नौ गोवंश को मुक्त कराने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने गोवंश को मुक्त कराकर संगेल गोशाला में छोड़ दिया है। वहीं अज्ञात गो तस्करों के खिलाफ गो तस्करी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। नूंह सीएस के एएसआई बलबीर नागर व सतबीर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि नगीना खंड के गांव साठावाड़ी में कुछ तस्कर गोवंश को एक ट्रक में भरकर तस्करी के लिए राजस्थान ले जाने की फिराक में हैं। अगर मौके पर जाकर नाकाबंदी की जाए तो तस्करों को पकड़ा जा सकता है। पुलिस ने टीम बनाकर मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखकर तस्कर ट्रक में नौ गोवंश को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने ट्रक में ठसाठस भरे नौ गोवंश को बाहर निकालकर गोशाला संगेल में छोड़ा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है। वाहन मालिक की तलाश के बाद तस्करों का पता लगाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर उनके आसपास किसी भी जगह पर कोई इस तरह से गो तस्करी के कार्य में लिप्त हैं तो उन्हें जरूर बताएं जिससे समय रहते शिकंजा कसा जा सके।