मनोरंजन और प्रतिस्पर्धा के उद्देश्य से बॉक्सिंग इवेंट कराना चाहते थे नाइजीरियन
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नाॅलेज पार्क कोतवाली क्षेत्र में स्थित पुश्ता रोड के समीप एक फार्म हाउस पर रविवार को कुछ नाइजीरियन युवकों द्वारा बिना अनुमति अवैध रूप से मुक्केबाजी (बॉक्सिंग) प्रतियोगिता आयोजित करने की कोशिश की गई। प्रतियोगिता की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और वहां मौजूद युवकों को खदेड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, यह प्रतियोगिता बिना किसी अनुमति के आयोजित की जा रही थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां फार्म हाउस में दर्जनों विदेशी युवक एकत्रित थे और रिंगनुमा स्थान तैयार किया गया था। पुलिस के पहुंचते ही वहां भगदड़ मच गई। कुछ युवक मौके से भाग निकले जबकि कुछ को पुलिस हिरासत में लेकर कोतवाली लाई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि ये सभी नाइजीरियन युवक नाॅलेज पार्क स्थित एक शिक्षण संस्थान में पढ़ाई करते हैं। वह अपने मनोरंजन और प्रतिस्पर्धा के उद्देश्य से यह बॉक्सिंग इवेंट कराना चाहते थे। लेकिन इसके लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस ने मौके से किसी प्रकार का सट्टा या अवैध सामान बरामद नहीं किया है।
पूछताछ के बाद हिरासत में लिए गए युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस अब फार्म हाउस मालिक और आयोजकों की भूमिका की जांच कर रही है। वहीं कोतवाली प्रभारी सर्वेश चंद्र का कहना है कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी वहां से निकल गए थे।