ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से रखी गई नजर
प्रमुख मॉल्स के आसपास की गई थी 300 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती
जगह-जगह पर व्यापक स्तर पर चलाया गया ड्रंक एंड ड्राइव अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नए साल के जश्न के बीच रविवार को जगह-जगह पुलिस का पहरा रहा। गार्डन गैलेरिया और सेक्टर-18 में 300 के करीब पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। शहर में भीड़भाड़ वाली जगहों पर दोपहर दो बजे के करीब ही पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया। पुलिस अधिकारी भीड़भाड़ वाली जगहों का बार-बार निरीक्षण करते रहे। इसके अलावा इस स्थानों पर ड्रोन से निगरानी होती रही। डीजे और बार संचालकों को जिले में प्रभावी धारा-144 के बारे में सचेत किया गया। जगह-जगह पर ड्रंक एंड ड्राइव अभियान व्यापक स्तर पर चलाया गया। इस वजह से सेक्टर-18 के आसपास शाम से ही जाम की स्थिति बनी रही।
शहर स्थित फार्म हाउसों में होने वाली पार्टियों पर भी पुलिस की विशेष नजर रही। प्रमुख मॉल और बाजारों के बाहर क्रेन, एंबुलेंस और प्राइवेट टैक्सी शाम सात बजे से ही खड़ी कर दी गई ताकि अनहोनी होने पर पार्टी कर रहे लोगों को गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। अग्निशमन विभाग की भी विशेष तैयारी रही। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह सुरक्षा संबंधी अपडेट संबंधित अधिकारियों से देर रात तक लेती रहीं। जीआईपी स्थित गार्डेन गैलेरिया मॉल को तीन जोन और सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है। जोन की जिम्मेदारी डीसीपी और एडिशनल डीसीपी को सौंपी गई। विभिन्न मॉल में होने वाली गतिविधि पर करीब 800 कैमरों की नजर रही। मॉल के भीतर ही अस्थायी महिला पुलिस चौकी बनाई गई।
-
कई जगह खुली हेल्प डेस्क
विभिन्न मॉलों में वालंटियरों की भी हर गतिविधि पर नजर रही। मॉल के आसपास महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया, इसके अलावा सादे कपड़े में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहे। डीसीपी हरीश चंदर ने बताया कि तैयारियों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण किया। गार्डेन गैलेरिया मॉल के तीनों मंजिल पर अलग-अलग तीन पुलिस हेल्प डेस्क बनाई गई। इसके अलावा डीएलएफ, सेक्टर-18, लॉजिक्स आदि में भी पुलिस हेल्प डेस्क बनाई गई। किसी को भी नशे की हालत में वाहन चलाने की अनुमति नहीं मिली। देर रात तक पुलिस जगह-जगह अलर्ट मोड पर रही।