जीएसटी की दरों के कम होने से इलेक्ट्रानिक्स के उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत । संवाद
संतकबीरनगर। जीएसटी की नई दरें सोमवार से लागू हो जाएगी। इससे रोजमर्रा के सामानों के दामों में कमी आएगी। त्योहारी सीजन में वाहनों के दाम काफी घट गए हैं, इससे बिक्री बढ़ने की संभावना है।
हालांकि पान मशाला, सिगरेट आदि के दाम बढ़ेंगे। व्यापारियों ने नवरात्र के पहले दिन से तैयारी कर ली है, जिसका उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। 22 सितंबर से जीएसटी में मुख्य रूप से सिर्फ 5 और 18 फीसदी की दो दरें ही होंगी। अधिकतर रोजमर्रा की जरूरतों के सामानों के दाम में कमी आएगी। जिसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा।
इसमें विभिन्न ब्रांड के दूध, 350 सीसी से कम के वाहन, सौंदर्य प्रसाधन, टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखा आदि शामिल है। जीएसटी के नई दरें आने के बाद वाहनों के दाम में गिरावट आई है। वाहन का कारोबार करने वाले शो रूम को सजा रहे है। हालांकि लग्जरी और विलासितापूर्ण वाली वस्तुओं पर अलग से 40 प्रतिशत कर लगाया जाएगा।
नए बदलावों के अनुसार तंबाकू और संबंधित उत्पाद 28 फीसदी से अधिक उपकर की श्रेणी में बने रहेंगे। सरकार ने निर्देश दिया है कि नई दरें लागू होने के बाद व्यापार और उद्योग जगत इसका पूरा लाभ ग्राहकों तक पहुंचाए। दुकानदारों का मानना है कि जीएसटी के दरें कम होने से त्योहारी सीजन में कारोबार बढ़ेगा।