पड़ोसी ने शिक्षिका पर तेजाब डालने की दी धमकी
दादरी (संवाद) । पड़ोसी ने एक शिक्षिका और उसकी बहन पर तेजाब डालकर चेहरा खराब करने की धमकी दी है। आरोप है कि पड़ोसी युवक आए दिन छेड़छाड़ करता है। विरोध करने पर वह धमकी देता है। पुलिस से शिकायत के बाद सुनवाई न होने पर पीड़िता ने डीएम से गुहार लगाई है। वहीं पुलिस का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है।
नगर के मोहल्ला निवासी युवती निजी स्कूल में अध्यापिका है। आरोप है पीड़िता जब भी घर से बाहर निकलती है तो आरोपी अश्लील फब्तियां कसता है। पीड़िता की छोटी बहन से अभद्रता करता है। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने तेजाब डालकर चेहरा खराब करने की धमकी दी। दहशत के चलते आसपास लोग भी बोलने के लिए तैयार नहीं है। पीड़िता का आरोप है कि उसने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोतवाली प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय का कहना है कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।