निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, आरोपी ने साथियों को बुलाकर दी वारदात अंजाम
लोगों ने भाग रहे एक आरोपी को पकड़कर पीटा, जीटीबी अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। यमुना विहार इलाके में बृहस्पतिवार देर रात पार्किंग विवाद में कारोबारी पिता-पुत्र को गोली मार दी गई। विवाद होने के बाद पड़ोसी युवक ने दो साथियों को बुलाकर वारदात अंजाम दी। गोलीबारी में घायल हुए पिता-पुत्र को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत में सुधार है। वहीं, घटना के बाद भाग रहे आरोपियों में से एक को लोगों ने पकड़कर पीट दिया। वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसका जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। भजनपुरा थाना पुलिस ने पीड़ितों के बयान पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मुख्य आरोपी और साथी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, वीरेंद्र अग्रवाल (55) और बेटा सचिन अग्रवाल यमुना विहार के सी-9 ब्लॉक में रहते हैं। ब्रह्मपुरी में उनका भवन निर्माण सामग्री का काम है। उनके चार भाई एक इमारत में रहते हैं, जबकि वीरेंद्र अपने परिवार के साथ गली में दूसरे मकान में रहते हैं। छोटे भाई सुभाष अग्रवाल ने बताया कि वीरेंद्र और सचिन बृहस्पतिवार देर रात 12:30 बजे मायापुरी में एक शादी में घर लौटे तो उनके सामने के मकान में किराये पर रहने वाले आसिफ की कार ठीक से पार्क नहीं थी। इससे वीरेंद्र अपनी कार को अंदर नहीं ले जा पा रहे थे। वीरेंद्र ने आसिफ के घर का दरवाजा खटखटाया तो कार ठीक से खड़ी करने को कहा। इस बात पर उनके बीच कहासुनी और गाली गलौज हो गई। मकान मालिक फुरकान और मोहल्ले के अन्य लोगों ने बीचबचाव कर मामले को शांत करवाया। शोरशराबा होने पर परिवार के सभी लोग जग गए। परिवार के सभी सदस्य दरवाजे पर खड़े थे। इसी दौरान आसिफ ने फोन कर दो साथियों को बुला लिया। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मारपीट कर ताबड़ताड़ सात-आठ गोलियां चला दीं। वीरेंद्र के कंधे और हाथ पर जबकि सचिन के दोनों हाथों में गोली लगी है। शोर सुनकर सभी आरोपी भागने लगे तो लोगों ने एक का पकड़कर जमकर पिटाई कर दी। पिटाई से आरोपी बेहोश हो गया। घायल आरोपी इबले हसन शराब के नशे में था। उस पर पहले से लूट, हत्या के प्रयास सहित दस आपराधिक केस दर्ज हैं। पुलिस आसिफ और दूसरे साथी की तलाश में दबिश दे रही है।
एहतियातन इलाके में सुरक्षा बल तैनात
आरोपी दूसरे समुदाय के होने से इलाके में तनाव की स्थिति है। इसे देखते हुए पुलिस ने एहतियातन इलाके में सुरक्षा बल तैनात कर दिया है। पुलिसकर्मी हर आने जाने वाले नजर रख रही है। भजनपुरा इलाका काफी संवेदनशील माना जाता है।