संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। मुख्य विकास अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने कहा कि जिले में 747 बच्चे गंभीर रूप से कुपोषित और 3,427 बच्चे मध्य कुपोषण से ग्रस्त हैं। उनको चिकित्सा समेत जरूरी जरूरतें पूरी करके कुपोषण से मुक्त करें। वे विकास भवन के सभागार में जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी तरुण कुमार ने बताया कि पिछले माह जिले में 747 बच्चे गंभीर रूप से कुपोषित तथा 3,427 बच्चे मध्यम रूप से कुपोषित चिन्हित किए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी सीडीपीओ व चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि शत-प्रतिशत बच्चों की लंबाई और वजन की माप की जाए और सभी चिन्हित बच्चों को ई-कवच पोर्टल पर पंजीकृत कर आवश्यक औषधि देकर शीघ्र कुपोषण से मुक्त किया जाए। इस अवसर पर अभय सिंह, अनुज नेहरा, शिव प्रताप सिंह, राजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।