-नए मतदाताओं को बांटे जाएंगे पहचान पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस रविवार को को उत्साह और संकल्प के साथ मनाया जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय यह आयोजन प्रातः 10 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय के सभागार में आयोजित करेगा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं को उनके मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध बनाना है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जिले के मतदाता, विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार के धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करने का संकल्प लेंगे। यह संकल्प लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान नए मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र भी वितरित किए जाएंगे, जिससे वे आगामी चुनावों में सक्रिय रूप से भाग ले सकें। इसके साथ ही उपस्थित नागरिकों को मतदान के प्रति प्रेरित किया जाएगा और उन्हें अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी जाएगी। उपायुक्त ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस आयोजन में भाग लें और लोकतंत्र को सशक्त बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होते हैं।