सेक्टर-128 स्थित जेपी पब्लिक स्कूल में शनिवार से चार दिवसीय, अखिल भारतीय शतरंज रैंकिंग टूर्नामेंट (1800 से कम रैंक कैटेगरी) शुरू हुआ। शुभारंभ टेक महिंद्रा के सीईटो समीर पाठक और यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कार्तिक कपूर ने किया। पहले दिन दो चरण के मुकाबले हुए। टूर्नामेंट में देश भर से 6 से 90 वर्ष तक के 400 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। विजेताओं को 11 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
पहले दिन उत्तर प्रदेश के आरएस कश्यप (1440 रैंक) ने दिल्ली के जितेंद्र सिंह भंडारी (1794) को मात्र 40 चालों में पराजित कर पूरे अंक झटके। उत्तर प्रदेश के निरवाना कुमार (1439) ने फ्रेंच डिफेंस एक्सचेंज वेरिएशन में छत्तीसगढ़ के प्रसन्न शुक्ला (1778) से 50 चालों में बाजी ड्राॅ कर अंक बांटे। वहीं, यूपी के जितेंद्र कुमार सिंह (1438) ने उत्तर प्रदेश के ही 5वें वरीय, सतेंद्र सिंह (1768) को क्वीन पान ओपनिंग में 114 चालों तक चली बाजी में मात दी। इसी तरह अन्य खिलाड़ी अपने-अपने ग्रुपों में शानदार प्रदर्शन कर अगले चरण में पहुंचे। यूपी चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महासचिव एके रायजादा ने बताया कि विजेताओं को टूर्नामेंट से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग सुधारने में मदद मिलेगी। आयोजन समिति के सचिव अतुल निगम ने कहा कि प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में शतरंज प्रेमियों को देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों से प्रतिस्पर्धा का मंच मिलता है। इस दौरान प्रबंधक आरएस पंवार, प्रधानाचार्य अंजलि मलिक, नोएडा एजुकेशनल अकादमी के निदेशक नवीन त्यागी मौजूद रहे।