मथुरा। ऐतिहासिक नारायण सरोवर को प्राचीन स्वरूप में विकसित करने के लिए योजना बनाई गई है। इस परियोजना का उद्देश्य सरोवर का सौंदर्यीकरण के साथ पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाना है। विभाग ने इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है।
परियोजना के तहत, सरोवर के चारों ओर भक्तों और पर्यटकों के बैठने के लिए बेंच और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। पूरे क्षेत्र में हरियाली और फूलों के पौधे लगाकर सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। पैदल चलने वालों के लिए रास्ते बनाए जाएंगे, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के सरोवर के चारों ओर घूम सकें। नारायण सरोवर का ऐतिहासिक महत्व के अनुसार ही विकसित किया जाएगा। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सीईओ एसबी सिंह ने बताया कि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने इसका प्रस्ताव शासन को भेजा है। मंजूरी के बाद कार्य कराया जाएगा।