प्रधानमंत्री ने किया नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे खंड का उद्घाटन
-
40 मिनट में दिल्ली से मेरठ पहुंच सकेंगे लोग, 55 किलोमीटर का होगा सफर
50 लाख से अधिक यात्री अब तक नमो भारत में यात्रा का लाभ उठा चुके हैं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को साहिबाबाद और न्यू अशोक नगर के बीच दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के 13 किलोमीटर लंबे खंड का शुभारंभ किया। अब 40 मिनट में लोग दिल्ली से मेरठ पहुंच सकेंगे। अभी तक यह ट्रेन साहिबाबाद और मेरठ साउथ के बीच चल रही थी। नौ स्टेशनों के साथ कॉरिडोर का 42 किलोमीटर लंबा खंड था जो अब बढ़कर 55 किलोमीटर हो गया है। इसमें कुल 11 स्टेशन हैं।
प्रधानमंत्री ने साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर स्टेशन तक नमो भारत ट्रेन में यात्रा की। साहिबाबाद नमो भारत स्टेशन के कॉनकोर्स लेवल पर उन्होंने एनसीआरटीसी की ओर से ‘नमो भारत-यात्रा राष्ट्र निर्माण की’ शीर्षक से आयोजित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। इसमें राष्ट्र निर्माण की यात्रा में नमो भारत परियोजना के योगदान और दृष्टिकोण को प्रदर्शित किया गया है। पीएम ने इसके बाद एनसीआरटीसी की अत्याधुनिक एसेट मैनेजमेंट सिस्टम को भी देखा। इस सिस्टम की नमो भारत की परिचालन दक्षता और बुनियादी ढांचे को सुनिश्चित करने में बड़ी भूमिका है।
पीएम ने डिजिटल भुगतान किया
सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में इंटीग्रेटेड डिजिटल भुगतान से होने वाली सुविधा और सरलता का प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री ने यूपीआई से भुगतान किया। पीएम ने नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड भी खरीदा। इसके बाद नमो भारत में सफर किया। यात्रा के दौरान उन्होंने विभिन्न वर्गों के यात्रियों से बातचीत भी की। जापान फंड फॉर प्रॉस्परस एंड रिजिलिएंट एशिया एंड द पेसिफिक (जेएफपीआर) अनुदान प्राप्त एनसीआरटीसी के व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम की महिला लाभार्थियों ने राजगार की अपनी यात्रा को प्रधानमंत्री से साझा किया। वहीं, इंजीनियरिंग के छात्रों ने अपनी आकांक्षाओं और कॉरिडोर की तकनीकी प्रगति पर चर्चा की, जबकि स्कूल के छात्रों ने परियोजना से प्रेरित कलाकृति, कविता और गीत सुनाए। जेएफपीआर अनुदान से आत्मरक्षा में प्रशिक्षित महिलाओं ने बताया कि प्रशिक्षण ने उनके आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ किया है। नियमित यात्रियों ने भी अनुभव साझा किए। यात्रियों का कहना था कि नमो भारत ट्रेनों से कैसे उनके दैनिक जीवन में सार्थक बदलाव आए हैं। प्रधानमंत्री ने महिला ट्रेन ऑपरेटरों और स्टेशन नियंत्रकों से भी बातचीत की और संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
पहली बार भूमिगत खंड में चलेंगी ट्रेनें
रविवार शाम 5 बजे से साहिबाबाद को न्यू अशोक नगर से जोड़ने वाला खंड जनता के लिए शुरू कर दिया गया। नए खंड में से 6 किमी भूमिगत है। इसमें कॉरिडोर का प्रमुख स्टेशन आनंद विहार है। यह पहली बार है जब नमो भारत ट्रेनें भूमिगत खंड में चलेंगी। इस खंड पर दूसरा स्टेशन न्यू अशोक नगर है जो एलिवेटेड स्टेशन है। दोनों स्टेशन दिल्ली में स्थित हैं। अभी तक 50 लाख से अधिक यात्री नमो भारत ट्रेनों में यात्रा का लाभ उठा चुके हैं, जो इसकी लोकप्रियता और प्रभाव को दर्शाता है। अन्य खंडों यानी न्यू अशोक नगर-सराय काले खां और मेरठ साउथ-मोदीपुरम के बीच निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।