कृषि मंत्री को 11 सूत्रीय मांगों का भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
कासगंज। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के द्वारा बजट में किसानों के लिए राहत दिए जाने की मांग की गई है। कृषि मंत्री को 11 सूत्रीय मांगों का पत्र जिलाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों के द्वारा भेजा गया है।
जिलाध्यक्ष संजय प्रजापति ने कहा कि आज आने वाले बजट में किसानों के लिए राहत दी जाए। उन्होंने कहा कि देश में यूनिवर्सल फसल बीमा योजना भी लागू की जानी चाहिए, जिसमें 2 हेक्टेयर से कम जमीन वाले सीमांत किसानों को प्रीमियम में 100 प्रतिशत सब्सिडी मिले। न्यूनतम समर्थन मूल्य का दायरा बड़े और फल सब्जियों सहित प्रत्येक फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय हो। प्रधानमंत्री सम्मान निधि को बढ़ाया जाए। कृषि में उपयोग होने वाले यंत्रों, खरपतवार नाशक, कीटनाशक, खाद, बीज,मुर्गी दाना,पशु आहार सहित सभी वस्तुओं को जीएसटी के दायरे से मुक्त किया जाए। कृषि क्षेत्र के लिए एक विशेष पैकेज का ऐलान किया जाए। कृषि निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए कृषि निर्यात प्रोत्साहन केंद्र खोले जाएं। जलवायु परिवर्तन से प्रभावित कृषि क्षेत्र के लिए जलवायु आपदा फंड का प्रावधान किया जाय। पत्र भेजने वालों अन्य पदाधिकारी भी शामिल रहे।