एसआईटी ने नफे सिंह राठी से ढाई घंटे तक की पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। इंडियन नेशनल लोकदल के प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी मंगलवार को जगदीश नंबरदार आत्महत्या प्रकरण में शामिल तफतीश होने के लिए शहर थाना पहुंचे। यहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन की अगुवाई वाली एसआईटी ने उनके करीब ढाई घंटे तक पूछताछ की। राठी ने बताया कि उन्होंने एसआईटी के समक्ष मामले से संबंधित कई अहम बातें रखीं और पूछताछ में सभी सवालों के तथ्यों सहित जवाब दिए। मामले के एक अन्य आरोपी अजय दलाल उर्फ सोनू से करीब डेढ़ पूछताछ की गई।
पूर्व मंत्री मांगेराम नंबरदार के पुत्र जगदीश नंबरदार आत्महत्या केस की जांच के लिए गठित एसआईटी ने जांच के लिए नफे सिंह राठी से लगभग ढाई घंटे तक पूछताछ की। एएसपी अमित यशवर्धन ने बताया कि उनके 25-30 सवाल किए गए। लेकिन जांच से एसआईटी संतुष्ट नहीं हुई। इसलिए राठी व सोनू को पूछताछ के लिए दोबारा बुलाया जाएगा। एसआईटी के कई घंटों तक चली जांच के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने कहा कि उनके खिलाफ झूठे आरोपों के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसमें उन्हें पहले ही न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। एसआईटी की जांच में उन्होंने एसआईटी के समक्ष मामले से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत किए और जो इस मामले में उनके खिलाफ जो झूठे गवाह बनाए गए हैं उनके बारे में भी तथ्यों सहित अधिकारियों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उन्हें झूठे आरोपों के तहत फंसाया जा रहा है और यह मामला केवल राजनीति से प्रेरित है, लेकिन उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उन्हें न्यायालय से न्याय मिलेगा। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष राठी ने एसआईटी के समक्ष एक बार फिर पूरे मामले की सीबीआई व हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने की मांग की। मामले के दूसरे आरोपी अजय उर्फ सोनू दलाल के साथ एसआईटी की पूछताछ जारी थी। इस पूछताछ के दौरान नफे सिंह राठी के साथ उनके अधिवक्ता ललित सैनी व अजय उर्फ सोनू के अधिवक्ता सुनील दलाल भी मौजूद रहे। इस मामले में श्याम पटवारी, एसआई अश्विनी, राजू बंगाली व महेंद्र राठी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
-फोटो 15 : एसआईटी द्वारा पूछताछ के बाद थाना शहर से बाहर आते नफे सिंह राठी।