सरधना (मेरठ)। कस्बे में पाबंदी के बावजूद पतंगबाजी में चीनी मांझे का धड़ल्ले से प्रयोग किया जा रहा है। मांझे की चपेट में आकर बृहस्पतिवार को स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी गर्दन और उंगली में घाव हो गए। गंभीर हालत में युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया। घायल ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तारनी स्ट्रीट निवासी संजीव जैन पुत्र आदीश जैन स्कूटी पर किसी काम से गुजरान गेट जा रहे थे। चौराहे पर पहुंचे तो अचानक उनकी गर्दन चीनी मांझे की चपेट में आ गई। जब तक उन्होंने स्कूटी रोकी गर्दन लहूलुहान हो गई। गर्दन बचाने में मांझे से उंगली भी कट गई। घायल संजीव स्कूटी से गिर गए। इससे भी कई जगह चोट लगी। चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग पहुंचे और उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। बाद में पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह का कहना है कि नगर में प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।