सरूरपुर (मेरठ)। थाना क्षेत्र के एक गांव में तहेरा भाई अपने दोस्त के साथ मिलकर करीब छह माह से चचेरी बहन से सामूहिक दुष्कर्म कर रहा था। परिजनों ने बताया कि आरोपी ने किशोरी को डरा धमकाकर चुप करा रखा था। किशोरी के गर्भवती होने पर मामले का खुलासा हुआ। किशोरी के पिता ने भतीजे सहित दो को के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 13 वर्षीय बेटी पड़ोस में बनी बड़े भाई की डेयरी पर गई थी। वहां उसके तहेरे भाई ने अपने साथी के साथ मिलकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने उसके अश्लील फोटो भी खींच लिए। फोटो वायरल करने की धमकी देकर वह कई महीनों से दुष्कर्म कर रहे थे। आरोप है कि युवक ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी। घटना के छह माह बाद किशोरी के शरीर में बदलाव देखकर परिजनों ने महिला चिकित्सक को दिखाया। चिकित्सक ने किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी दी।
परिजनों के पूछताछ करने पर किशोरी ने छह माह पूर्व तहेरे भाई पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस सोमवार को दिनभर घटना को दबाए रही। देररात आरोपी इरफान पुत्र इखलाक व समीर पुत्र वकील के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मंगलवार को पुलिस ने पीड़िता की चिकित्सकीय जांच करा कार्रवाई शुरू की।