फर्रुखाबाद। बोर्ड परीक्षा की कापियों के लिए जिले में दो संकलन केंद्र बनाए गए हैं। जिला मुख्यालय और कायमगंज में 79 परीक्षा केंद्रों की कापियों को संकलित किया जाएगा। दो संकलन केंद्रों पर 51297 परीक्षार्थियों की कापियां जमा करना चुनौती से कम नहीं होगा। संकलन केंद्रों पर तीसरी आंख का पहरा लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी बोर्ड की परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से कराने के लिए शासन ने कमर पूरी तरह से कस ली है। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती करने के साथ ही प्रश्नपत्रों और कापियों के लिए अलग से स्ट्रांग रूम बनाने के आदेश पहले ही आ चुके हैं। 16 फरवरी से शुरू होने वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए जिले में 79 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
जिले में हाईस्कूल में 28188 तथा इंटरमीडिएट में 16079 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। बोर्ड परीक्षा की ऑनलाइन निगरानी के लिए मुख्यालय पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। कापियों के संकलन को इस बार दो केंद्र ही बनाए गए हैं।
इस बार फतेहगढ़ के राजकीय बालक इंटर कॉलेज और कायमगंज के सीपी विद्या निकेतन को संकलन केंद्र बनाया गया है। 79 परीक्षा केंद्रों से कापियां लेकर कर्मचारी यहां पहुंचेंगे। उन्हें लाइन में लगकर कापियों को जमा करना होगा। जिले में कोई भी उप संकलन केंद्र न बनाए जाने से दिक्कत हो सकती है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ. आदर्श कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिला मुख्यालय के जीआईसी फतेहगढ़ सहित कायमगंज के सीपी विद्या निकेतन को उत्तरपुस्तिकाओं का संकलन केंद्र बनाया है। केंद्र व्यवस्थापकों को कापियां जमा करने में कोई दिक्कत न हो इसका ध्यान रखा जाएगा। ज्यादा स्टाफ लगाकर जल्द से जल्द कापियों को जमा कराया जाएगा। बताया कि बोर्ड की कापियों को जमा करने के लिए आने वाले कर्मचारियों के साथ पुलिस की सुरक्षा भी रहेगी।