-गेहूं में खाद डालने के लिए उपलब्ध नहीं होने से बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मलिकपुर । समिति पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं है। किसानों को फसलों में खाद डालने के लिए प्राइवेट दुकानों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे किसानों में बेहद नाराजगी है।
मलिकपुर स्थित किसान सेवा सहकारी समिति पर पर बीते दो सप्ताह से यूरिया खाद का टोटा है। किसान परशुराम द्विवेदी, महीपाल सिंह, सुरेशचंद्र यादव, देव सिंह वर्मा, पम्पी वर्मा, मोहित कुमार आदि ने बताया कि फसलों के जरूरत के मुताबिक समिति पर खाद मुहैया न होने से जहां सरकारी खाद का लाभ समय पर नहीं मिल पाता है, वहीं खाद के लिए प्राइवेट दुकानों का सहारा लेने की मजबूरी है।
समिति के जिम्मेदारों ने रखी बात
समिति के सचिव रामवीर सिंह का कहना है यूरिया खाद के लिए बैंक में डिमांड लगा दी गई है। जैसे विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई, वैसे किसानों को वितरित की जाएगी। समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद्र दुबे ने क्षेत्रीय किसानों के गेहूं की फसल के लिए यूरिया खाद की समस्या को तत्काल निराकरण के लिए सहकारिता विभाग के जिला निबंधक से मांग की है।