चकरनगर (इटावा)। तीन दिन से लापता युवक का शव रविवार सुबह उसके ही खेत में पड़ा मिला। उसके मुंह पर सल्फास लगा मिला। परिजनों ने कुछ लोगों पर फोन पर धमकी देने व हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना खेत्र के तेजपुरा गांव निवासी विद्याभूषण चौहान की कस्बे में परचून की दुकान है। एक फरवरी को उनका छोटा बेटा अभिनेंद्र उर्फ सोंटी चचेरी बहन को आगरा लेने गया था। बहन को घर छोड़ने के बाद वह दोस्तों के साथ बैठने की बात कहकर शाम चार बजे निकल गया। इसके बाद उसका पता नहीं चला।
तीन जनवरी को पुलिस ने गुमशुदगी तो दर्ज कर ली, लेकिन तलाश करने में गंभीरता नहीं दिखाई। परिजन ही उसकी तलाश करते रहे। रविवार सुबह पिता परिवार के ही युवक मुन्नू के साथ खेत पर गए तो वहां सोंटी का शव पड़ा मिला। इस पर परिजनों के होश उड़ गए। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। शव के पास से शराब की बोतल, अनाज में रखी जाने वाली सल्फास की गोलियां मिली हैंं। पास में ही बाल्टी भी मिली है। एसपी देहात सत्यपाल सिंह, सीओ राकेश वशिष्ठ ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। डॉग स्क्वाॅड ने भी पड़ताल की।
वर्जन
युवक को तलाशने के पुलिस प्रयास कर रही थी। शव उसके खेत में मिलने की सूचना पर जांच की गई है। हत्या का आरोप है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। - सत्यपाल सिंह, एसपी देहात
तीन चार दिन से आ रहे थे धमकी भरे फोन
चकरनगर (इटावा)। तीन दिन से लापता युवक का शव रविवार सुबह उसके ही खेत में मिलने से परिजन बदहवास हैं।
मृतक के भाई मोंटी, मां सुनीता और पिता विद्याभूषण ने बताया कि पिछले तीन-चार दिनों से सोंटी के फोन पर कुछ लोग फोन करके धमकियां दे रहे थे। इससे वह परेशान था। उक्त लोगों ने ही उसकी हत्या की है।
शव के पास से कुछ पत्र भी बरामद किए गए हैं। हालांकि इनमें क्या लिखा इस संबंध में परिजन और पुलिस दोनों ही कुछ कहने से बच रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जल्द ही तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।