इटावा/ताखा। साहब अभी जिंदा हूं, पर मृतक बताकर पेंशन काट दी गई है। अपने को जिंदा साबित करने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रही हूं। यह पीड़ा शनिवार को ताखा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में विधवा शशि देवी ने डीएम के सामने बताई।
सुबह पौने 12 बजे डीएम अवनीश कुमार राय पहुंचे तो उनकी राह देख रहे फरियादी पीड़ा लेकर पहुंचे। बम्हनीपुर की विधवा शशि देवी ने प्रार्थनापत्र देकर कहा साहब हमें फर्जी तरीके से मृत घोषित कर विधवा पेंशन काट दी, जब पता चला तो आठ साल से जिंदा होने का सबूत दे रही हूं, लेकिन अभी तक पेंशन नहीं मिली। जन चौपाल से लेकर तहसील दिवस में कई बार शिकायत की पर कोई सुनवाई नहीं हुई। डीएम ने ब्लाक अधिकारियों को तत्काल सत्यापन करके पेंशन सुविधा दिलाने के निर्देश दिए। 27 फरियादी डीएम के पास पहुंचे। इनमें से सिर्फ सात का ही मौके पर निस्तारण हो सका। इस मौके एसएसपी संजय कुमार, सीएमओ गीतानाथ, डीडीओ दीनदयाल, बीएसए शैलेंद्र कुमार, एसडीएम ताखा देवेंद्र कुमार पाण्डेय, तहसीलदार मोहम्मद असलम आदि मौजूद रहे। उधर, सदर तहसील में सिर्फ 17 ही शिकायतें आईं। इनमें से एक भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो सका। सदर तहसीलदार राजकुमार सिंह ने बताया कि सभी अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं अधीनी गांव के सीताराम ने बताया कि बिजली विभाग ने फर्जी तरीके से उनके नाम पर दो कनेक्शन कर दिए हैं। एक कनेक्शन के नाम पर एक लाख रुपये की आरसी काट दी है। पिछले साल से कई बार थाना दिवस, जन चौपाल, तहसील दिवस में शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक न्याय नहीं मिल सका है।
30 से 16 अधिकारी रहे अनुपस्थित
सैफई। संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को 30 विभागों में से 16 विभागों के अधिकारी अनुपस्थित रहे। अधिकारियों की कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। उपस्थित 14 अधिकारी भी उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज कराकर कुछ समय बाद चले गए।