ऑटो एक्सपो-2023:
एक लाख से अधिक दर्शक पहुंचे, पार्किंग में नहीं मिली जगह
-इंडिया एक्सपो मार्ट के सभी गेटों पर सुबह 11 से दो बजे तक लगी रही लंबी लाइनें
-दो पहिया व भारी वाहनों की जगह की कारों के पवेलियन में रही सबसे अधिक भीड़
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। एक्सपो मार्ट में शनिवार को एक लाख से अधिक दर्शक कारों का दीदार करने पहुंचे। सुबह 10 बजे से ही दर्शकों का आना शुरू हो गया और इंडिया एक्सपो मार्ट के सभी गेटों पर प्रवेश को लेकर दर्शकों की लंबी लाइन लग गई। जो दोपहर दो बजे तक बरकरार रही। हालांकि लोगों को पार्किंग स्थल से एक्सपो मार्ट तक पैदल जाना पड़ा। पार्किंग स्थल भी गाड़ियों से भरे रहे और दोपहर बाद वहां जगह नहीं मिली। रविवार को ऑटो एक्सपो में डेढ़ लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
ऑटो एक्सपो में प्रवेश को लेकर वाहनों की लंबी लाइन गेट नंबर दो तक पहुंच गई। यह लाइन शाम तक बनी रही। पार्किंग में दस हजार से अधिक वाहनों को खड़ा कराया गया। दोपहर बाद पार्किंग फुल होने पर लोगों ने नॉलेज पार्क स्थित कॉलेजों के बाहर सड़कों के किनारे वाहनों को खड़ा कर दिया। इस दौरान लोगों को काफी दूर तक पैदल चलना पड़ा। प्रवेश को लेकर सभी गेटों पर करीब 100 से 200 मीटर लंबी लाइन लग गई जो दोपहर दो बजे तक रही। ऑटो एक्सपो में आने को लेकर लोगों में काफी उत्साह दिखा। सबसे अधिक भीड़ गाड़ियों के पवेलियन पर दिखी। मारुति सुजुकी और लेक्सस के पवेलियन में भीड़ अधिक रही। दिनभर में एक लाख से अधिक लोग एक्सपो में पहुंचे। कारों का दीदार करने के साथ दर्शकों ने खाने का भी स्वाद लिया। छुट्टी होने के कारण लोग परिवार के साथ भी पहुंचे।
निशुल्क पास को 400 रुपये में बेचा गया
ऑटो एक्सपो के आयोजकों की तरफ से प्रवेश के पास जारी किए गए थे जो निशुल्क थे। इन पास को एक्सपो मार्ट के बाहर ब्लैक में बेचा जा रहा था। एक पास को 400 रुपये में बेचने वाले लोग ऑटो एक्सपो के टिकट की कीमत अधिक होने का हवाला दे रहे थे। ऑटो एक्सपो में प्रवेश का टिकट 475 रुपये था। लोगों ने यह पास पैसा देकर खरीदा भी था।
एक्सपो मार्ट के बाहर रेंगते रहे वाहन
शनिवार को ऑटो एक्सपो में भीड़ उमड़ी थी। इस कारण एक्सपो मार्ट के बाहर दिन भर वाहन रेंगते रहे। शाम को पार्किंग स्थल के बाहर, एक्सपो मार्ट गोल चक्कर, यमुना प्राधिकरण के पास गोल चक्कर पर जाम की स्थित बनी रही। यातायात की गति काफी धीमी रही।