-देश विभाजन से मानवता पर उपजे संकट और इससे बदले दिल्ली के स्वरूप को दिखाया गया
-अंबेेडकर विवि की दारा शिकोह लाइब्रेरी में बनाया गए संग्रहालय का मंत्री आतिशि ने किया उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार ने 1947 की विभाजन विभीषिका पर राजधानी में एक भव्य संग्रहालय बनाकर लोगों को समर्पित कर दिया है। कश्मीरी गेट पर अंबेेडकर विश्वविद्यालय की दारा शिकोह लाइब्रेरी में इसे बनाया गया है। इस संग्रहालय में देखने को मिलेगा कि कैसे विभाजन के बाद दिल्ली का स्वरूप बदल गया था। इसके बाद राजधानी में कई कालोनियां स्थापित हुईं, जिसमें लाजपत नगर, सीआर पार्क और पंजाबी बाग इत्यादि क्षेत्र शामिल हैं।
दिल्ली की कला, संस्कृति व भाषा मंत्री आतिशी ने संग्रहालय का उद्घाटन किया। इस संग्रहालय में एक गैलरी ऑफ होप जोड़ी गई है, जो दशकों बाद पाकिस्तान में अपनी पुरानी संपत्तियों को फिर से देखने वाले लोगों की तस्वीरों और अनुभवों को प्रदर्शित करती है। यह तस्वीरें विभाजन की विभीषिका झेलने वाले लोगों द्वारा संग्रहालय को दान की गई हैं। संग्रहालय में रेल कोच (जैसा कि वे आजादी के दौरान थे), प्राचीन हवेलियों और शरणार्थी शिविरों की प्रतिकृतियों को बनाया गया है। विजिटर्स को उस समय का अनुभव प्रदान करने के लिए विभाजन से जूझने वाले लोगों ने संग्रहालय को कपड़े, शरणार्थी शिविरों से सामान, किताबें, पत्र, बर्तन, ट्राफियां इत्यादि दान किए हैं।
इसमें सिंध को समर्पित एक विशेष गैलरी भी है। संग्रहालय में वर्चुअल रियलिटी द्वारा विभाजन से जुड़े पहलुओं को देखा जा सकता है। दारा शिकोह लाइब्रेरी को दिल्ली के कल्चरल हब के रूप में परिवर्तित किया गया है। यह शहर और इससे जुड़े व्यक्तियों के विभिन्न पहलुओं पर कथाओं और प्रदर्शनियों को प्रदर्शित करता है। संग्रहालय में एक कैफेटेरिया, एक स्मारिका दुकान जिसमें एक छोटा पुस्तकालय और एक रीडिंग एरिया जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।
इतिहास से लोगों को जेड़ेगा संग्रहालय - आतिशी
आतिशी ने कहा कि यह संग्रहालय केवल ऐतिहासिक घटनाओं की यादों को नहीं दर्शाता, बल्कि दिल्ली के लोगों को सिखाता है कि आज की जिंदगी में वह अपने को इतिहास से कैसे जोड़ सकते हैं। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए बताया कि कालकाजी से वह विधायक हैं और वहां के अधिकांश परिवार ऐसे हैं जिन्होंने विभाजन के दंश को झेला है।
-
संग्रहालय में मौजूद हैं सात गैलरी
-विभाजन और स्वतंत्रता की ओर-माइग्रेशन
-रिफ्यूजी
-रिबिल्डिंग होम
-इन दा माइंड ऑफ आर्टिस्ट
-रिबिल्डिंग रिलेशन
-गैलरी ऑफ होप एंड करेज