फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात व्हर्लपूल कंपनी चौक पर एक धर्मकांटे पर दो युवकों ने सोलह वर्षीय लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी युवक रात करीब साढ़े 11 बजे उसका दरवाजा पीटते हुए पानी मांग रहे थे। किशोर के देरी से दरवाजा खोलने से नाराज युवकों ने उस पर चाकू से वार कर दिए। घायल किशोर को बीके सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, बुधवार सुबह इस वारदात से नाराज किशोर के परिजनों ने व्हर्लपूल चौक के पास करीब आधे घंटे तक जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही एसीपी मुजेसर राधेश्याम व थाना प्रभारी सुदीप ने नाराज लोगों को समझाबुझाकर शांत कराया व आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया।
मुजेसर थाना प्रभारी सुदीप ने बताया कि मूल रूप से फिरोजाबाद के नगला लालजी थाना जसराना का रहने वाला सोनवीर करीब दस दिन पहले ही अपने मामा पुष्पेंद्र के यहां घूमने आया था। पुष्पेंद्र व्हर्लपूल चौक के समीप स्थित डॉलफिन धर्मकांटा पर नौकरी करता है और वहीं एक कमरे में रहता है। सोमवार रात किशोर मामा के दोस्त केशव व राधाकृष्ण के साथ सो रहा था, जबकि पुष्पेंद्र धर्मकांटे से कुछ दूर बने एक कमरे में सो रहा था।
रात साढ़े ग्यारह बजे दो युवक उनका दरवाजा पीटते हुए पानी मांगने लगे। किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो दोनों युवक गालीगलौज करने लगे और इसके बाद चले गए। कुछ देर बाद कमरा खोल सोनवीर बाहर निकला तो दोनों आरोपी कुछ दूरी पर ही बैठे हुए थे। दोनों ने सोनवीर के साथ मारपीट व गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध जताने पर दोनों ने चाकू से सीने में दो बार चाकू घोंप दिया। सोनवीर के चिल्लाने की आवाज सुनकर अन्य लोग भी वहां आ गए। उन्होंने दोनों आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।
नाराज परिजनों ने गाड़ियों में की तोड़फोड़
पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज सोनवीर के परिजन ने मंगलवार सुबह को व्हर्लपूल चौक पर जाम लगा कर हंगामा किया व कुछ गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की है। हालांकि, पुलिस तोड़फोड़ की घटना से इंकार कर रही है। सोनवीर के मामा पुष्पेंद्र का आरोप है कि वारदात की सूचना देने के करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची है। पुलिस समय से पहुंचती तो आरोपियों को पकड़ा जा सकता था। थाना प्रभारी सुदीप ने बताया कि धर्मकांटा समेत आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।