पिनगवां। बृहस्पतिवार को पिनगवां थाने के रीठट गांव में युवक की गोली मारकर की गई हत्या मामले में पुलिस ने 21 नामजद सहित करीब 50 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर शुक्रवार को परिजनों को सौंप दिया है।
पिनगवां थाना प्रभारी चंद्रभान का कहना है कि बृहस्पतिवार को मामूली कहासुनी में रीठट गांव में 23 वर्षीय फजल नाम के युवक की लाठी डंडों और गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई की शिकायत पर गांव रीठट निवासी जाहुल, आजाद, उसमान, जफरू, रफीक, जुनैद, वकील, मिसलू सहित चार दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ हत्या एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
दरअसल, गांव रीठट के फजल और जाहुल आदि में किसी बात को लेकर मामूली झगड़ा हो गया था। इस कारण आरोपी फजल से रंजिश रखने लगे थे। उसे मारने के लिए आरोपी हथियारों से लैस होकर तलाश कर रहे थे। फजल आरोपियों के डर से गांव के ही सरकारी स्कूल की छत पर छुपकर बैठा हुआ था। आरोपियों को जब इसके बारे में पता चला तो सैकड़ों की संख्या में मर्द, औरत हाथों में लाठी डंडा, हथियार लेकर स्कूल को चारों ओर से घेर लिया और फजल को छत पर ही पहले तो लाठी डंडों से हाथ-पैर तोड़ दिए बाद में उसके सीने में गोली मार दी। वारदात के बाद से गांव में तनाव बना हुआ है।