इकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने हत्या के एक जघन्य मामले का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि 8 दिसंबर को देर रात दादरी रोड पर स्थित एस्क्लेपियस अस्पताल के पास सुखराम निवासी नगला राजन कन्नौज की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मृतक वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के कुलेसरा में रह रहा था। इस मामले में थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
घटना की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में राजेश उर्फ मुकेश निवासी ग्राम सुरजावली बुलंदशहर और ईश्वर चंद उर्फ रिंकू निवासी फिरोजाबाद वर्तमान में हल्दौनी गौतमबुद्धनगर के नाम सामने आए। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर 9 दिसंबर को लखनावली रोड पर डंपिंग ग्राउंड के पास मुठभेड़ के दौरान ईश्वर चंद को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में ईश्वर चंद ने खुलासा किया कि उसका दोस्त राजेश उर्फ मुकेश अपनी पत्नी सुनीता के सुखराम के साथ संबंधों को लेकर शक करता था। राजेश ने सुखराम को रास्ते से हटाने के लिए ईश्वर चंद को एक लाख रुपये देने का वादा किया। इसी लालच में उन्होंने मिलकर हत्या की योजना बनाई और चाकू से गोदकर सुखराम की हत्या कर दी।
घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे। आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस और एक खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ है। मुख्य आरोपी राजेश उर्फ मुकेश फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी को इलाज के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।