दादरी (संवाद)। कोतवाली दादरी क्षेत्र के रेलवे रोड पर आरओबी पुल के समीप जांच के दौरान पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार किया है। हत्यारे के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की है। आरोप है कि तीन दिन पहले चचेरे भाई की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि बिहार के रमई गांव निवासी शाहिद इमरान का चचेरा भाई था। दोनों रामपुर फतेहपुर गांव में किराये पर रहते थे। शाहिद व इमरान के परिवार का जमीनी बंटवारे को लेकर गांव में विवाद चल रहा है। जिसको लेकर आपसी कहा सुनी होती रहती थी। बंटवारे को लेकर दबाव बनाया गया था। जिसको लेकर दोनों में कहा सुनी हो गई, उसके बाद दोनों खाना खाकर सो गए। कहासुनी से नाराज होकर इमरान ने कुल्हाड़ी मार कर 23 अगस्त को शाहिद की हत्या कर दी थी। हत्या के बाद फरार हो गया था। बुधवार को दादरी में रेलवे रोड स्थित आरओबी पुल के समीप से हत्यारे इमरान को गिरफ्तार कर लिया।