संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर पालिका में तैनात कार्यवाहक प्रधान लिपिक पर सभासदों ने सरकारी कार्यों में गड़बड़ करने व बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की है। सभासदों ने लिपिक को उसके पटल से हटवाने की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही है।
सभासद राहुल पाल, शानू जैन, तनिका जैन, आशीष त्यागी ने एसडीएम से की शिकायत में बताया कि नगर पालिका में प्रधान लिपिक के पद पर तैनात कार्यवाहक लिपिक सरकारी कार्यों में गड़बड़ी कर रहा है। ठेकेदारों से मिलीभगत कर नियम विरुद्ध कार्य किए जा रहे हैं। आरोप है कि मिलीभगत से ही आउट सोर्सिंग समेत विभिन्न ठेके छोड़े जा रहे हैं। इसके चलते नगर पालिका को नुकसान पहुंच रहा है।
बताया कि नगर पालिका में लिपिक द्वारा बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा है। इससे पहले भी उन्होंने लिपिक की शिकायत अधिकारियों से की थी लेकिन लिपिक के खिलाफ कोई जांच नहीं हुई। सभासदों ने एसडीएम से शिकायत कर लिपिक का तबादला कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह लखनऊ पहुंचकर मुख्यमंत्री से इसकी शिकायत करेंगे। एसडीएम उदित नारायण सेंगर का कहना है कि शिकायत पत्र के आधार पर जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर लिपिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।