साहिबाबाद। न्यू डिफेंस काॅलोनी में 23 जून को रसोई गैस में हुए रिसाव से घर में लगी आग से नौ दिन में सब्जी विक्रेता मुकेश (42) का पूरा परिवार ही खत्म हो गया। उनकी पत्नी बागमती (40), बेटी हिमानी (18) और प्रियंका (16) जिंदा जल गई थीं। वह खुद और बेटा अंकित (17) बुरी तरह झुलस गए थे। रविवार को उनकी मौत हो गई और सोमवार को बेटे ने भी दम तोड़ दिया।
टीलामोड़ पुलिस ने बताया कि अंकित का दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा था। सोमवार सुबह नौ बजे उनके पेट में अचानक दर्द हुआ था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ती गई। इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजन मौत की खबर से फूट-फूटकर रोने लगे। काॅलोनी में पड़ोसी, रिश्तेदार और गांव से परिजन एकत्रित हो गए। सभी एक दूसरे को ढांढस बंधा रहे थे लेकिन वहां हर किसी की आंखों में आंसू थे।
हादसा 23 जून की सुबह साढ़े ग्यारह बजे हुआ था। बागमती चूल्हे पर खाना बना रही थीं। उनके रिश्तेदार सोनू ग्राइंडर मशीन से दरवाजा काट रहे थे। मुकेश, अंकित व दोनों बेटियां कमरे में बैठकर खाना खा रहे थे। आग से झुलसने पर उन्होंने शोर मचाया था। पड़ोसियों ने रेत और पानी डालकर आग काबू की थी। सोनू का अभी इलाज चल रहा है।