मंगलवार को एमएसएमई फॉर भारत के लिए अमर उजाला मंथन कार्यक्रम में सीईओ लोकेश एम ने प्राधिकरण की भविष्य की योजना साझा कीं। उनका कहना है कि एमएसएमई देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में नोएडा में भी इनको जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने का प्रयास रहता है। 25 से 29 अक्टूबर तक होने जा रहा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो भी एमएसएमई को समर्पित रहेगा। नोएडा प्राधिकरण की भी योजना एमएसएमई को बढ़ावा देने की है। प्राधिकरण जल्दी ही मैन्युफेक्चरिंग और सर्विस सेक्टर के लिए छोटे औद्योगिक भूखंड की योजना लाएगा। कामकाज को इतना सरल और सहज बनाया गया है कि उद्यमियों के काम आसानी से हो जाते हैं। प्राधिकरण क्षेत्र में सुविधाएं बेहतर करने के लिए उद्यमियों के साथ संवाद भी जारी रहता है।
ग्रेनो प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में बहुत दिक्कतें रहीं हैं। अब यहां बदलाव शुरू हुआ है। मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक पार्क से जहां उत्पाद को बाहर भेजना सुगम होगा। वहीं, न्यू बोडाकी रेलवे स्टेशन और दादरी रेलवे स्टेशन का पुर्नविकास होने से माल के अलावा अन्य ट्रेनों की आवाजाही भी यहां बेहतर हो सकेगी। इसके अलावा सड़क, एसटीपी, जलापूर्ति जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर पर तेजी से काम हो रहा है। फॉर्च्यून 500 जैसी बड़ी कंपनियां ग्रेटर नोएडा में लाने के लिए हम तैयार हैं, तमाम छूट दी जा रही हैं। उद्यमियों को खुद अगले दो साल में बदलाव देखने को मिलेगा।
उद्यमियों का सम्मान भी करेगा नोएडा
अमर उजाला मंथन में महिला उद्यमी बिमला बाथम के प्रस्ताव पर सीईओ लोकेश एम ने कहा कि उद्यमियों को पूरा सम्मान मिले। इसका प्रयास है। नोएडा के विकास में उद्यमियों के योगदान का हम सम्मान करेंगे। इसके लिए कोई कार्यक्रम नोएडा प्राधिकरण की तरफ से रहेगा। विमला बाथम ने कहा कि ऐसे उद्यमियों को बुलाना नहीं भूलें आप जोकि विषम परिस्थितियों में भी यहां डटे रहे और आज के नोएडा के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
लोकल फॉर वोकल के लिए उठी आवाज
मंथन में स्थानीय उत्पादों को विश्वस्तर पर ब्रांडिंग की जरूरत पर भी जोर दिया गया। उद्यमियों ने कहा कि कई अच्छे ब्रांड से बेहतर उत्पाद नोएडा में बनते हैं। जरूरत इनकी बेहतर ब्रांडिंग की है। लोकल फॉर वोकल में इस दिशा में काम होना चाहिए। उद्योग, जीएसटी से आए अधिकारियों ने भी सरकार की योजनाओं की जानकारी यहां दी।
सांसद बोले, सिंदूर ऑपरेशन में भी दिखी एमएसएमई की ताकत
अमर उजाला मंथन में सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा या समुना प्राधिकरण क्षेत्र हो उद्यमियों को नियम-कानून का हवाला देकर न उलझाया जाए। अधिकारियों को समझना होगा कि एमएसएमई ही आर्थिक आजादी का आधार है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में भी एक एमएसएमई की ताकत दिखी। नोएडा की ही एक ड्रोन कंपनी ने ऐसे उत्पाद बनाए जोकि चीन और पाकिस्तान के राडार भी नहीं पकड़ सके। पिछले दिनों अमेरिका में जॉब करने वाले अब उद्यमी बन चुके इन युवाओं की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में तकनीक देखने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पिछले दिनों पहुंचे थे।