सेक्टर-98 में हुआ हादसा, शॉर्ट सर्किट की आशंका
नोएडा। सेक्टर-98 में शनिवार की सुबह एक चलती कार में आग लग गई। शुरुआत में ही इंजन से धुंआ निकलते देख चालक कूदकर बाहर आ गया। कुछ ही देर में कार लपटों से घिर गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। शाॅर्ट-सर्किट को हादसे का कारण बताया जा रहा है।
सेक्टर-39 थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के अशोक नगर निवासी राकेश कार लेकर नोएडा सेक्टर-98 से जा रहे थे। इंजन के पास से धुआं निकलाता देख कार को सड़क के किनारे खड़ा किया और कार से कूद गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि टीम ने 25 मिनट में आग को बुझाया। ब्यूरो
कासना के डंपिंग ग्राउंड में लगी आग
ग्रेटर नोएडा। कासना के साइट-5 स्थित डंपिंग ग्राउंड में कूड़े के ढेर में शुक्रवार शाम अज्ञात कारणों से आग लग गई। हालांकि, हादसे में जनहानि नहीं हुई। कासना कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल का कहना है कि अज्ञात कारणों से आग लग गई थी। इसे बुझाने के लिए दमकल की 40 गाड़ियां पहुंचीं और इस पर कुछ ही घंटे में काबू पा लिया गया। ब्यूरो