संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय और हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया गया।
प्राचार्य डॉ. हरिओम ने बताया कि समझौते का उद्देश्य महाविद्यालय के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा, संवाद कौशल, प्रस्तुतीकरण क्षमता व रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करना है। जिससे वे आधुनिक प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में आत्म विश्वासपूर्वक अपनी भूमिका निभा सकें। समझौता ज्ञापन हस्ताक्षर समारोह के पश्चात साक्षात्कार में प्रभावी संवाद और अभिव्यक्ति कौशल विषय पर एक लघु प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण सत्र के मुख्य प्रशिक्षक बिजेंद्र सिंह विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को साक्षात्कार की तैयारी, शारीरिक भाषा, समूह चर्चा, प्रस्तुतीकरण तकनीक और आत्मविश्वास निर्माण जैसे विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और सक्रियता से भाग लिया व इस सत्र को अत्यंत उपयोगी व प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम का संचालन प्लेसमेंट सेल की संयोजक ममता द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।