नोएडा। फेज-2 थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से भाग गया। पुलिस ने युवक के भाई की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बादलपुर निवासी टिंकू शर्मा ने बताया कि उनका छोटा भाई धीरज शर्मा निजी कंपनी में कार्यरत था। बुधवार सुबह वह बाइक से ड्यूटी पर जा रहा था। ककराला के पास सामने से आई तेज गति की कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान कर चालक को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। ब्यूरो