मोटो जीपी बाइक रेस : 6 स्थानों पर होगी 50 हजार वाहनों की क्षमता की पार्किंग
- 22 से 24 सितंबर तक बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट पर होना है आयोजन
-बाॅटेनिकल गार्डन, सेक्टर-142, अल्फा व डेल्टा मेट्रो से चलेगी शटल बस सेवा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआईसी) के ट्रैक पर 22 से 24 सितंबर तक होने वाले मोटो जीपी बाइक रेस के लिए छह स्थानों पर 50 हजार वाहनों की क्षमता की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा शटल बस सर्विस के लिए संभावित रूट तय कर दिए गए हैं।
बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट के आसपास पार्किंग के लिए अजनारा सर्विस रोड, जेपी क्रिकेट स्टेडियम, गलगोटिया विश्वविद्यालय, चपरगढ़ के पास खाली मैदान को शामिल किया गया है। इसके अलावा बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट के पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी व दक्षिणी स्टैंड की तरफ भी खाली स्थान को पार्किंग के रूप में उपयोग किया जाएगा। वहीं, मोटो जीपी बाइक रेस के दर्शकों की सुविधा के लिए बाॅटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन, अल्फा एक मेट्रो स्टेशन व डेल्टा एक सर्विस स्टेशन के पास शटल बस सेवा की व्यवस्था की गई है। इसका रूट प्राधिकरण गोलचक्कर और डिपो स्टेशन के पास से 130 मीटर रोड होते हुए कासना तिराहा होकर एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड की तरफ लाया जाएगा। यहां से जीबीयू के सामने से होकर बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट की तरफ जा सकेंगे। इसके अलावा बॉटेनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन की तरफ आने वाली शटल बसों को जीरो प्वाइंट से यमुना एक्सप्रेसवे होकर बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट के पास स्थित कट से रास्ता दिया जाएगा। डीसीपी ट्रैफिक अनिल कुमार यादव का कहना है कि संभावित प्लान तैयार कर लिया गया है। इसे अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। इसमें कुछ और संशोधन व पार्किंग की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।