दनकौर (संवाद)। घर पर विवाद होने के बाद खुदकुशी के इरादे से रेलवे लाइन पर लेटी मां-बेटी को कोतवाली पुलिस ने मौके पर आकर बचा लिया। इसके बाद दोनों की काउंसलिंग की गई, फिर दोनों को परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि कस्बा निवासी एक युवती का शनिवार को अपने भाई से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। उनकी मां ने दोनों के बीच सुलह करने की कोशिश की तो बेटे ने मां से भी कहासुनी कर दी। इसके बाद गुस्सा हुईं मां-बेटी घर से करीब 12 किलोमीटर दूर दनकौर रेलवे स्टेशन पर एक ऑटो से पहुंची। वहां पटरी पर लेटकर ट्रेन का इंतजार करने लगीं। आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी मंडी श्यामनगर पुलिस चौकी को दी। टीम सहित मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी योगेंद्र चौधरी ने मां-बेटी को वहां से हटाया। इसके दो मिनट बाद ही उस पटरी से एक एक्सप्रेस ट्रेन गुजरी। परिजनों ने पुलिस का आभार जताया है।