इंडिया एक्सपोमार्ट में मच्छर भगाने वाली एलईडी ट्यूब लाइट के बारे में जानकारी लेते खरीदार।
- फोटो : Grnoida
पिछले कुछ वर्षों में मच्छर जनित बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। इनसे बचने के लिए लोग मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती, मॉस्किटो रेपलेंट (मच्छर रोधक यंत्र) आदि का प्रयोग करते हैं, लेकिन यह मानव शरीर को भी नुकसान पहुंचाते हैं। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए आईआईटी के पूर्व छात्रों ने मिलकर एक स्टार्टअप कंपनी बनाई और एक मच्छर भगाने वाली एलईडी ट्यूब लाइट तैयार की है। इसकी खासियत यह है कि यह मच्छरों को दस फुट दूर रखती है। नॉलेज एक्सपो सेंटर एंड मॉर्ट में लगे एलईडी एक्सपो में यह एलईडी ट्यूब लाइट आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
फोरस कंपनी के मैनेजर सेल्स चंदन गुप्ता ने दावा किया कि भारत की यह पहली कंपनी है जिसने मच्छरों को दूर रखने वाली एलईडी ट्यूब लाइट तैयार की है। यह नीले रंग की किरणें फेंकती है। इसकी रोशनी के प्रभाव से मच्छर दूर भाग जाते हैं। काम करते समय इसकी रोशनी को तेज और रात में सोते समय कम कर नाइट लैंप की तरह भी इस्तेमाल किया जा सकता है। 5 से 40 वाट तक की क्षमता में उपलब्ध इस एलईडी ट्यूब लाइट से निकलने वाली किरणों का लोगों पर कोई दुष्प्रभाव भी नहीं है। यह कंपनी की रिसर्च एंड डेवलपमेंट टीम (आईआईटी के पूर्व छात्रों) की नई खोज है। इसकी एक और खासियत है कि यह हाई वोल्टेज में भी सुरक्षित रहकर कार्य करती है। बाजार में इसकी कीमत करीब 500 रुपये तक रखने की बात कही जा रही है।